नई दिल्ली (राघव): भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम को और अधिक उथल-पुथल भरा बना दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। अगले सात दिनों तक कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में कई हिस्सों को कवर कर लिया है। पश्चिम बंगाल और बिहार के कई जिलों में अगले 1-2 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हालात बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक गहरा दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जो पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय इलाकों के पास मौजूद है। इससे इन इलाकों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना बनी हुई है।
देश के उत्तरी हिस्सों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं – एक जम्मू-कश्मीर के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में और दूसरा अफगानिस्तान की ओर से बढ़ रहा है। इसके असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और बिजली चमकने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।
दक्षिण भारत:
केरल, कर्नाटक: 30 मई से 1 जून तक गरज और बिजली के साथ तेज बारिश
तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना: 30-31 मई को हल्की से मध्यम बारिश, हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत:
असम, मेघालय, अरुणाचल, मणिपुर, त्रिपुरा आदि: अगले 7 दिनों तक लगातार बारिश
पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़: 30 मई से 1 जून तक तेज बारिश और गरज
उत्तर भारत:
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल: 40-50 किमी/घंटा की हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना
राजस्थान, यूपी: 30 मई से 2 जून तक मौसम बिगड़ा रहेगा
मध्य प्रदेश में हवाएं 70 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं। वहीं उत्तर पश्चिम भारत में फिलहाल तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन अगले तीन दिन में 2-4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इसके उलट मध्य भारत में अगले कुछ दिनों में 2-3 डिग्री की गर्मी बढ़ने के आसार हैं। राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है, खासकर बाड़मेर, जहां तापमान 44.8°C तक पहुंच गया।