रामपुर (नेहा): मामूली विवाद में पीट-पीटकर अधेड़ की हत्या कर दी गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने युवती सहित तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मिलक क्षेत्र के क्योरार गांव में आबादी के बीच एक मंदिर है। मंदिर की सीढ़ियों के निर्माण को लेकर 55 वर्षीय राम सिंह का पड़ोसी रामचरन से विवाद चल रहा था।
बुधवार की सुबह साढ़े छह बजे राम सिंह मंदिर में साफ सफाई करने पहुंचे थे। मंदिर के अंदर पड़ोसी रामचरन सो रहा था। फर्श की धुलाई करते समय रामचरन पर पानी गिर गया। जिसको लेकर राम सिंह और राम चरन के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच राम चरन के दोनों पुत्र रामरक्षपाल, राजकुमार और पुत्री विश्वंभरी वहां आ पहुंचे।
आरोप है कि उन तीनों ने राम सिंह के साथ मारपीट की। जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन मंदिर पर पहुंचे। उनकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर दोनों भाई और बहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।