पटना (पायल): बिहार के बक्सर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मजदूर के खाते में अचानक 600 करोड़ रुपये आ गए। यह घटना तब सामने आई, जब वह स्थानीय CSP केंद्र पर बैलेंस चेक कराने पहुंचा। खाते में इतनी बड़ी राशि दिखते ही वह और CSP संचालक दोनों दंग रह गए।
हाता थाना क्षेत्र के बड़का राजपुर गांव के मजदूर जितेंद्र साह ने बताया कि उसके फीनो बैंक के अकाउंट में मात्र 478.20 रुपये थे। लेकिन CSP संचालक ने बैलेंस चेक करते समय स्क्रीन पर रकम दिखाई- 6,00,00,00,478.20 (लगभग 600 करोड़ रुपये) इतनी बड़ी रकम देखकर CSP केंद्र पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
स्क्रीन पर असामान्य राशि दिखते ही CSP संचालक ने इसकी सूचना तुरंत बैंक अधिकारियों को दी। बैंक ने सुरक्षा के तहत तुरंत अकाउंट को फ्रीज कर दिया। मामले की जानकारी स्थानीय थाना और साइबर पुलिस स्टेशन को भी दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पूजा कुमारी टीम के साथ CSP केंद्र पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में इस रकम के आने के पीछे तकनीकी गलती, सिस्टम फेल्योर, या किसी साइबर गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। बैंक और पुलिस दोनों इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं कि मजदूर के खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस और बैंक अधिकारी इस मामले की जांच में जुटे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही पता चलेगा कि यह साइबर गलती थी या तकनीकी फेल्योर।
जितेंद्र साह ने बताया- “मेरी जिंदगी कभी पैसों पर नहीं टिकी। चिंता बस यही रहती है कि महीने का खर्च कैसे चलेगा। अचानक 600 करोड़ देखकर मेरी आंखें खुली की खुली रह गईं… मैं बार-बार स्क्रीन देख रहा था।”


