मिश्रपुर (नेहा): वसंत पंचमी के दिन शुक्रवार को यमुनापार में कोरांव क्षेत्र के मिश्रपुर गांव के पास दर्दनाक हादसा हुआ। कोरांव-ड्रमंडगंज मार्ग पर सुबह करीब 11 बजे अस्थि कलश लेकर लोगों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कुल 23 लोग घायल हो गए, जिनमें से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाहन सवार संगम जा रहे थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सरकारी एंबुलेंस बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। तीन एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को जिला अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में 30 वर्षीय नाथू प्रजापति, 40 वर्षीय उमेश प्रजापति, 50 वर्षीय लल्लू सेन, 55 वर्षीय तीरथ प्रजापति, 43 वर्षीय अशोक प्रजापति, 40 वर्षीय लालमन प्रजापति, 50 वर्षीय कृष्ण कुमार, 52 वर्षीय शिवलाल, 10 वर्षीय शिवानंद, 60 वर्षीय नंदलाल, 31 वर्षीय अरविंद सिंह तथा 40 वर्षीय सुरेश प्रजापति शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।


