चंडीगढ़ (नेहा) :भारत-पाकिस्तान में सीजफायर की घोषणा के बाद हरियाणा में स्थिति तेजी से सामान्य होने लगी है। कई बंदिशों को खत्म कर दिया गया है। सोमवार से प्रदेश के सभी स्कूल-कॉलेज खोल दिए जाएंगे। शनिवार को पानीपत, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, हिसार और भिवानी में ब्लैक आउट के आदेश वापस ले लिए गए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुबह मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा सहित शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर फीडबैक लिया।
सभी जिलों के उपायुक्त, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है। सिर्फ एहतियात के तौर पर कदम उठाए जा रहे हैं। खाद्य सामग्री, दवाइयां, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। आमजन किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सरकार हर स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं |