नई दिल्ली (नेहा): बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर पार्टी की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। बसपा आज इस दिन को जन कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाएगी। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बसपा सुप्रीमो को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर मायावती को जन्मदिन का बधाई दी और उनकी लंबी आयु की कामना की। उन्होंने लिखा- ‘बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।’
यूपी की डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी बसपा मुखिया को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। केशव मौर्य ने एक्स पर अपना बधाई संदेश देते हुए लिखा- ‘बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।’


