नई दिल्ली (राघव): हरियाणा के ओलंपियन नीरज चोपड़ा शादी के बाद पहली बार अपनी पत्नी के साथ नजर आए हैं। चोपड़ा अपनी पत्नी हिमानी मोर के साथ विंबलडन का फाइनल मैच देखने पहुंचे थे। नीरज ने शादी के बाद पहली बार अपनी पत्नी के साथ तस्वीरें शेयर की। विंबलडन का फाइनल मैच करीब पांच दिन पहले हुआ था। पहले नीरज ने सिर्फ अपनी तस्वीर शेयर की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी और विंबलडन कोर्ट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर अपलोड की।
नीरज ने 16 जनवरी को सोनीपत की टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से शादी की थी। हिमाचल की शांत वादियों के बीच दोनों का विवाह हुआ था। शादी के बाद नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया था कि उन्होंने हिमानी से शादी रचाई है।
नीरज ने अपने इंस्टाग्राम पर पांच तस्वीरें शेयर की हैं। जिनमें से तीन में वह खुद और पत्नी के साथ नजर आ रहे हैं। एक में वह विंबलडन कोर्ट पर नजर आ रहे हैं। नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद नीरज ने पेरिस ओलंपिक में रजत पदक अपने नाम किया। वह लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले भारत के पहले ट्रैक एवं फील्ड एथलीट हैं।