जम्मू (नेहा): पग-पग पर बेहतर सुविधाएं, चौड़ा मार्ग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था। न आतंकी खौफ, न कोई चिंता। बाबा बर्फानी की भक्ति में लीन शिवभक्त पैदल, घोड़े व पिट्ठू-पालकी में सवार होकर शिव के धाम पहुंचे। श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में विराजमान हिमलिंग स्वरूप भगवान शिव के प्रथम दर्शन के साथ ही गुरुवार को वार्षिक यात्रा भी शुरू हो गई। पहले जत्थे में बालटाल मार्ग से गए 12,348 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने भी पहले दिन दर्शन किए। उधर, पहलगाम से तड़के पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए श्रद्धालु अभी रास्ते में हैं और वे शनिवार तड़के दर्शन करेंगे। इस बीच, जम्मू से तड़के 5,246 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ। इनमें पहलगाम मार्ग से 3,247 और बालटाल मार्ग के लिए 1,999 श्रद्धालु रवाना हुआ।
शाम को दोनों जत्थे अपने-अपने आधार शिविरों में पहुंच गए। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इस बार श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरी दुनिया को संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद के आगे न झुकेगा-न रुकेगा। वहीं, शुक्रवार को तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच यात्री निवास, पंथा चौक, श्रीनगर से बालटाल और नुनवान आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।