नई दिल्ली (नेहा): केंद्र सरकार किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चला रही है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की मदद दी जाती है, जो 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक इस योजना की 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पिछली किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी हुई थी, जिसमें 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद से किसान 22वीं किस्त की तारीख का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार के नियमों के मुताबिक, जिन किसानों ने जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की हैं, उन्हें 22वीं किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं:
1. e-KYC पूरी न होना: जिन किसानों ने अब तक e-KYC नहीं करवाई है, उन्हें अगली किस्त नहीं मिलेगी।
2. आधार-बैंक लिंक न होना: अगर बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या DBT सेवा एक्टिव नहीं है, तो पैसा ट्रांसफर नहीं होगा।
3. बैंक डिटेल में गलती: अकाउंट नंबर या IFSC कोड गलत होने पर भी किस्त अटक सकती है।
4. लाभार्थी सूची से नाम हटना: दस्तावेजों में गड़बड़ी या जानकारी अपडेट न होने पर नाम सूची से हट सकता है।
5. फार्मर रजिस्ट्री अधूरी होना: आगे चलकर केवल उन्हीं किसानों को लाभ मिलेगा, जिनका नाम फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज होगा।


