पटना (नेहा): बिहार की राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में सोमवार की शाम से बादलों की आवाजाही बनी रही। देर रात में बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिन में उमस लोगों को परेशान कर सकती है और फिर इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। बिहार के 8 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज जिले में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 घंटे बाद चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री तापमान में वृद्धि की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, दो दिनों बाद मौसम में बदलाव आने के साथ दक्षिण भागों के अधिसंख्य जिलों में गर्म व आर्द्र दिन रहने की संभावना है। तापमान में वृद्धि होने के साथ गर्मी लोगों को परेशान करेगी। हालांकि, लू जैसे हालात बनने के आसार नहीं हैं। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में वर्षा दर्ज की गई।