मोगा (नेहा): आज उस समय हड़कंप मच गया जब मोगा और अमृतसर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि मोगा के डीएन मॉडल स्कूल, कोट ईसे खां क्षेत्र के एक निजी स्कूल और अमृतसर के स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई। अमृतसर के सरकारी स्कूल में ई-मेल के जरिए दोपहर 2.11 बजे बम धमाके की धमकी दी गई है।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। एहतियात के तौर पर पुलिस और स्टाफ द्वारा स्कूलों को खाली करवा लिया गया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी। फिलहाल बम स्क्वॉड द्वारा हर कोने की तलाशी ली जा रही है। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि आज इससे पहले लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब में कोर्ट कॉम्पलैक्स बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।


