पटना (नेहा): कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर बिहार आने की तैयारी में हैं। राहुल गांधी छह जून को पटना आ सकते हैं। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी और बताया कि राहुल गांधी राजगीर में अति पिछड़ा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की इस वर्ष यह पांचवीं बिहार यात्रा है। इसके पहले राहुल गांधी जनवरी, फरवरी, अप्रैल और चौथी बार मई महीने दरभंगा और पटना आए थे। वहीं,अब एक बार फिर जून महीने में वे बिहार आने वाले हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी का प्रदेश नेतृत्व नालंदा में अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन की तैयारी कर रहा है। पूर्व में यह कार्यक्रम 27 मई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम टल गया था। अब वापस छह जून को कार्यक्रम करने की सहमति केंद्रीय नेतृत्व बिहार कांग्रेस को दी है।
इससे पहले दरभंगा दौरे पर बिहार आए राहुल गांधी की यात्रा को लेकर काफी विवाद हुआ था। दरभंगा में आयोजन स्थल पर अनुमति न होने के बाद कार्यक्रम किए जाने को लेकर उन पर प्राथमिकी भी की गई थी। राहुल गांधी की लगातार बिहार यात्राओं को इस वर्ष होने वाले चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें कि इस वर्ष बिहार विधानसभा के चुनाव होने हैं चुनाव के पहले कांग्रेस लगातार राज्य के सभी जिलों प्रखंडों और पंचायत तक विभिन्न प्रकार के अभियान चला रही है। पार्टी इस चुनाव में बड़ी जीत को लेकर काफी आशान्वित है। हालांकि, कांग्रेस बिहार में कितनी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी इसका निर्णय महागठबंधन की बैठक के बाद ही संभव हो पाएगा। इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।