मुंबई (राघव): महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को राज्य के कुछ नगर निगमों की ओर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मांस पर प्रतिबंध लगाए जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों के खाने-पीने का तरीका तय नहीं करना चाहिए। राज ठाकरे ने कहा कि नगर निगमों को ऐसा प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत में राज ठाकरे ने कहा, सरकार और नगर निगम यह तय नहीं कर सकते कि कौन क्या खाए और क्या न खाए। हम स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, लेकिन खाने की आजादी नहीं है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर (मांस पर) प्रतिबंध लगाना एक विरोधाभास है।
राज ठाकरे अब उन विपक्षी नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो राज्य के कुछ नगर निगमों की ओर से मांस पर लगाए गए प्रतिबंध का विरोध कर रहे हैं। नागपुर, नासिक, मालेगांव, छत्रपति संभाजीनगर और कल्याण-डोंबिवली के नगर निगमों ने 15 अगस्त को अपने क्षेत्रों में सभी बूचड़खानों और मांस की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इनमें से कुछ नगर निगमों ने यह भी कहा है कि हिंदू व जैन त्योहारों के दौरान भी ये दुकानें बंद रहेंगी।