जयपुर (नेहा): राजस्थान के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता महेश जोशी को चार दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था। इसी बीच उनकी पत्नी कौशल जोशी का बीते दिन निधन हो गया। कौशल जोशी ने सोमवार की सुबह जयपुर के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कौशल जोशी पिछले काफी समय से बीमार थीं और वो ब्रेन हेमरेज की समस्या से भी जूझ रही थीं। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्हें जयपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यह शोक संदेश एक ऐसे समय मिला, जब उनके पति महेश जोशी ईडी की हिरासत में हैं। महेश जोशी पर मंत्री रहते हुए ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत घोटाला करने का आरोप है। ईडी मामले की जांच कर रही है। इसी कड़ी में महेश जोशी को भी रिमांड पर लिया गया है।
ईडी ने महेश जोशी के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हालांक, उनकी पत्नी की मौत के बाद महेश जोशी के वकील दीपक चौहान ने स्पेशल कोर्ट में अंतरिम जमानत की याचिका दायर की है। इसकी जानकारी देते हुए दीपक चौहान ने कहा- स्पेशल कोर्ट ने पूर्व मंत्री महेश जोशी की अंतरिम जमानत पर मुहर लगा दी है। उन्हें 4 दिन की बेल मिली है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्य कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह, विपक्ष के नेता टीकाराम जुल्ली, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने कौशल जोशी की मौत पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने महेश जोशी के घर पहुंचकर उनकी दिवंगत पत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।