मुंबई (नेहा): फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ में लगातार कास्टिंग में बदलाव हो रहे हैं और एक बार फिर यह फिल्म सुर्खियों में है। रणवीर सिंह के बाहर होने और फिर कियारा आडवाणी व विक्रांत मैसी के भी फिल्म छोड़ने के बाद अब एक नया नाम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, फरहान अख्तर फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट में एक अहम भूमिका के लिए एक्टर रजत बेदी पर विचार कर रहे हैं। रजत ने हाल ही में ‘द बैंड्स ऑफ बॉलीवुड’ से वापसी की है, जिससे उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली है।
रजत बेदी कथित तौर पर उस रोल के लिए बातचीत कर रहे हैं, जो पहले विक्रांत मैसी को दी गई थी। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “फरहान रजत बेदी को उस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए लेने पर विचार कर रहे हैं, जिसके लिए पहले विक्रांत को चुना गया था। एक्टर और मेकर्स के बीच इसको लेकर आधिकारिक बातचीत हो चुकी है और दोनों जनवरी के बीच में मुंबई के खार स्थित ऑफिस में मिलने की प्लानिंग बना रहे हैं।”

