समस्तीपुर (नेहा): जिले के सरायरंजन थाना के सरैया पुल के निकट सड़क किनारे झाड़ी से राजद नेता के पुत्र का शव पुलिस ने बरामद किया है। उसकी पहचान राजद नेता राजू सिंह के पुत्र संजीव सिंह के रूप में हुई। उसके सर पर चोट के निशान मिले हैं।
बताया गया कि वह शनिवार की शाम से ही लापता था। वह शाम को घर से पैदल निकला था। सरायरंजन बाजार मौसी के घर गया था। जहां से राजीव मेडिकल हाल से बाइक लेकर सरैया की ओर निकल गया।
इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। कई बार फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। रविवार सुबह शव मिलने की सूचना मिली। स्वजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
संजीव जन वितरण प्रणाली की दुकान भी चलाते थे। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। पत्नी चंद्रप्रभा देवी बच्चों के साथ इस समय अपने मायके आधारपुर गांव में हैं।
सरायरंजन थाने की पुलिस घटनास्थल की छानबीन में जुटी है। आक्रोशित लोगों को समझाया जा रहा। इधर सदर एसडीपीओ-1 सह एसएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि स्वजनों के बयान के आधार छानबीन की जा रही है।