नई दिल्ली (नेहा): इस साल राजधानी दिल्ली में सावन का महीना तो सावन जैसा रहा ही, भादो में भी बादल खूब बरस रहे हैं। कमोबेश हर रोज ही हल्की से तेज बारिश हो रही है। दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश से विभिन्न इलाकों में सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों के पहिए थम गए। इससे सुबह समय से स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पूरे दिन बादल छाए रहने और गर्जन वाले बादल बनने सहित और बारिश होने के आसार हैं। वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से नीचे या उसके आसपास ही रहेगा। तामपान गिरने से उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा आईएमडी ने शुक्रवार यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश सुबह साढ़े 8 बजे तक 13.1 मिमी रिकॉर्ड की गई है। आयानगर में सर्वाधिक 57.4 और पालम में 49.4 मिमी दर्ज की गई है।