रिकांगपिओ (नेहा): हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की आफत जारी है। जिला किन्नौर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए छोलतू स्थित अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों का उपचार वर्तमान में जेएसडब्ल्यू अस्पताल छोलतू में जारी है।
पिछले पांच दिन से नाथपा और निगुलसरी में राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जिनमें सेब से लदे ट्रक और छोटे वाहन भी शामिल हैं। मार्ग बंद होने के कारण कई वाहन वांगतू नामक स्थान पर भी फंसे हुए हैं। हादसे में टैंकर एचार 37 ई 0875 का चालक बलवंत सिंह पुत्र रमेश चंद, निवासी फाग्लो तहसील ज्वालामुखी जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल है।
वहीं, 26 वर्षीय अशोक पुत्र बिहारी लाल, निवासी ग्राम हजूरपुर, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश भी घायल है। 34 वर्षीय शमसुद्दीन पुत्र नकछेद, निवासी गौरव कला, मोहम्मदपुर, उत्तर प्रदेश, सूरज पुत्र कन्देई लाल, निवासी खानपुर, तहसील केसरगंज जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश घायल हैं। इसके अलावा 27 वर्षीय मोहम्मद सिराज पुत्र जमील अहमद, निवासी बहराइच उत्तर प्रदेश और 30 वर्षीय हसन पुत्र ननकू, निवासी कहलपुरवा, तहसील करनैलगंज, जिला गोंडा उत्तर प्रदेश भी गंभीर रूप से घायल हैं।