इटावा (नेहा): यूपी के इटावा में एक बार फिर बवाल हुआ है। दो कथावाचकों के साथ हुई बदसलूकी के विरोध में गुरुवार को अहीर रेजीमेंट के कुछ सदस्य दांदरपुर गांव में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो लोगों ने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग किया और हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद हालात काबू में हुए। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को अरेस्ट किया है। पूरे इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
पत्थरबाजी में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर भारी फोर्स मौजूद है। फिलहाल शांति है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले दांदरपुर गांव में कथावाचकों से बदसलूकी हुई थी। इसको लेकर ब्राह्मण और यादव पक्ष के लोग आमने-सामने हैं। एक शख्स गगन यादव ने अहीर रेजीमेंट नामक संगठन बना रखा है। उनकी अगुवाई में अहीर रेजीमेंट के लोग गांव में घुस रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो वे भड़क गए। पुलिस की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया।
कुछ युवकों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से पुलिस की गाड़ी भी तोड़ डाली। पुलिस ने हवाई फायरिंग कर भीड़ तितर-बितर की। पुलिस ने दौड़ाकर कई उपद्रवियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वीडियो के माध्यम से फरार उपद्रवियों को खोज रही है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि तत्काल घटना पर नियंत्रण पा लिया गया। गांव के बाहर फोर्स तैनात है।