नई दिल्ली (नेहा): भारत की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और उनके पति पी कश्यप कश्यप ने शादी को दूसरा मौका देने का फैसला किया है। इसकी जानकारी दिग्गज महिला खिलाड़ी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से दी। उन्होंने शनिवार को अपने इंस्टा हैंडल से पति के साथ तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, ‘कभी-कभी दूरी आपको मौजूदगी का महत्व सिखाती है। हम फिर से कोशिश कर रहे हैं।’
राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की चैंपियन साइना ने रविवार (13 जुलाई) को इस बात की घोषणा की थी कि वे पति पी कश्यप से अलग हो रही हैं। उन्होंने लिखा था, ‘जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का विकल्प चुन रहे हैं।’
उन्होंने लिखा था, ‘मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।’ साइना और पूर्व शटलर कश्यप ने दिसंबर 2018 में शादी की थी। दोनों ने लगभग 10 साल तक एक-दूसरे को डेट किया। हर किसी से अपने प्यार को छिपाए रखा। फिर तय तारीख से दो दिन पहले ही दोनों ने शादी कर ली थी।
साइना ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीता। इसके बाद 2012 में लंदन ओलंपिक में साइना ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। 2015 विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने रजत अपने नाम किया। 2017 विश्व चैंपियनशिप में साइना ने कांस्य जीता। फिर 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण जीते। वहीं, पी कश्यप ने 2014 में कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसके बाद ऑस्ट्रिया ओपन जैसे कई बड़े टूर्नामेंट उन्होंने अपने नाम किए। हालांकि, पी कश्यप कभी ओलंपिक पदक नहीं जीत सके।