नई दिल्ली (नेहा): बीते दिनों एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई थी। करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड और दिल्ली बेस्ड बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की वजह पोलो खेलते हुए हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, उनके दोस्त का ये भी कहना है कि जब वह पोलो खेल रहे थे, तो उस दौरान उनके गले में मधुमक्खी चली गई थी, जिसकी वजह से अभिनेता गिर पड़े और जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। करिश्मा और संजय कपूर का रिश्ता भले ही खत्म हो गया था, लेकिन बच्चों समायरा और कियान की वजह से वह काफी कनेक्टेड थे। अब निधन के सात दिन बाद संजय कपूर का दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिसके लिए करिश्मा कपूर बच्चों के साथ आज दिल्ली पहुंची हैं।
एक ऑफिशियल प्रेस नोट जारी करते हुए बिजनेसमैन संजय कपूर के परिवार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज यानी कि 19 जून को दिल्ली के लोधी रोड शमशान भूमि में किया जाएगा। उनकी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया 5 बजे से शुरू होगी। फिलहाल धीरे-धीरे संजय कपूर के रिश्तेदार उनके घर पहुंच रहे हैं। संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव, मां रानी सुरिंदर कपूर और बच्चों समायरा और कियान के लिखे मैसेज के साथ उनके परिवार ने प्रेस नोट में बताया कि 19 तारीख को अंतिम संस्कार करने के 3 दिन बाद यानी कि 22 जून को 4 से 5 बजे के बीच में दिल्ली के ताज होटल पैलेस में संजय की आत्मा शांति के लिए प्रेयर मीट रखी जाएगी।