श्रीनगर (नेहा): उत्तरी कश्मीर के नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मच्छल (कुपवाड़ा) सेक्टर में सोमवार को सेना के जवानों ने घुसपैठ के एक प्रयास को नाकाम कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, सेना की इस कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए हैं। मौजूदा समय में भी तलाशी अभियान जारी है।
बता दें कि यह घटना इलाके के कमकाडी क्षेत्र में हुई। सूत्रों ने बताया कि एलओसी पर गश्त कर रहे जवानों ने शाम करीब सात बजे कुछ हथियारबंद तत्वों को गुलाम जम्मू कश्मीर की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते देखा।
जवानों ने तुरंत आस-पास की चौकियों को सूचित किया और अपनी स्थिति मजबूत की। जैसे ही घुसपैठियों का दल एलओसी पार करने लगा तो जवानों ने उन्हें ललकारा। इस पर घुसपैठियों ने भागने का प्रयास किया और जवानों का ध्यान भटकाने के लिए गोलीबारी की। भारतीय जवानों ने भी जवाबी फायर किया।
सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लगभग 40 मिनट तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। जब आतंकियों की ओर से गोलीबारी बंद हुई, तो जवानों ने भी जवाबी फायर रोक दिया। जवानों ने गोलीबारी वाले क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, जो देर रात से जारी है।