गुवाहाटी (नेहा): गुवाहाटी पुलिस ने पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा के खिलाफ असम और केंद्र सरकार दोनों का उपहास उड़ाने वाला एक वीडियो अपलोड किए जाने के आरोप में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। इस वीडियो के माध्यम से धार्मिक दुश्मनी को बढ़ावा दिए जाने का भी आरोप था। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 152 (राजद्रोह), 196 और 197 लगाई गई हैं।
शिकायत के अनुसार, अभिसार शर्मा ने यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता गणेशगुड़ी के नयनपुर निवासी आलोक बरुआ (23) ने कहा, ‘‘अभिसार शर्मा ने राम राज्य के सिद्धांत का भी मजाक उड़ाया और दावा किया कि सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण पर टिकी है।” बरुआ ने कहा कि यह टिप्पणी केंद्र और असम में विधिवत निर्वाचित सरकारों को बदनाम करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से की गई थी और इससे सांप्रदायिक भावनाएं भड़क सकती थीं।
FIR के बाद यूट्यूबर अभिसार शर्मा ने अपने एक्स हैंडल प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा- FIR पूरी तरह बेमानी है। इसका जवाब वैधानिक तौर पर दिया जाएगा। मेरे शो में मैंने असम के जज के बयान का जिक्र किया था। मैंने तथ्यों के साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की साम्प्रदायिक राजनीति का जिक्र किया था. जो उनके अपने बयानों पर आधारित है।