ग्वालियर (नेहा): ग्वालियर के कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोपी अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने देसी कट्टे से नंदिनी पर 5 गोलियां दागीं, जिनमें से 2 उसके सिर में लगीं और बाकी चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों में। हत्या के बाद आरोपी वहीं सड़क किनारे बैठ गया और घायल नंदिनी को तड़पने के लिए छोड़ दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पहले पुलिस पर और फिर खुद पर भी कट्टा तान दिया। इसके बाद वो खुद को गोली मारने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने आरोपी को काबू कर नंदिनी को अस्पताल भेज दिया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पत्नी को गोली मारने के बाद अरविंद परिहार ने फेसबुक लाइव आकर कहा कि नंदिनी उसकी पत्नी है और उसके साथ बॉयफ्रेंड कल्लू और अंकुश पाठक भी थे, जो मौके से भाग गए। अरविंद का आरोप है कि नंदिनी 6 महीने पहले भी भागी थी और इन दोनों युवकों के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल कर रही थी। उसने यह भी दावा किया कि नंदिनी ने उसकी तीन एम्बुलेंस अपने नाम करवाने के बाद अब मकान भी मांग रही थी। पुलिस की जांच में नंदिनी का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। मृतक नंदिनी की पहली शादी गोटीराम केबट से हुई थी। बाद में वह दतिया के निमलेश जैन के साथ रहने लगी।
साल 2017 में उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर निमलेश की हत्या कर दी और साढ़े चार साल जेल में रही। जेल से छूटने के बाद, नंदिनी छोटू और फिरोज खान के साथ लिव-इन में रही। साल 2022-23 में उसकी पहचान पिछोर निवासी अरविंद परिहार उर्फ अरविंद ठाकुर (33) से हुई। अरविंद पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे। वहीं, नंदिनी का भी पहली शादी से एक 9 साल का बेटा था। दोनों ने अपने-अपने परिवारों को छोड़कर आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी की और ग्वालियर की ऑरेंजवुड सोसाइटी में पति-पत्नी की तरह रहने लगे। करीब 3 साल साथ रहने के बाद अरविंद और नंदिनी के बीच पैसों को लेकर झगड़े शुरू हो गए।
नंदिनी ने अरविंद पर सिरोल थाने में 3 और जीवाजी यूनिवर्सिटी थाने में 1 केस दर्ज करवाया। पिछले साल नंदिनी ने अरविंद पर उसे कार से कुचलकर मारने की कोशिश का आरोप लगाया था, जिसके बाद हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। कोर्ट में नंदिनी अपने बयान से पलट गई और अरविंद को जमानत मिल गई। बाद में नंदिनी ने शपथ पत्र देकर कहा कि राजीनामा हो गया है, जिससे अरविंद हत्या के केस से दोषमुक्त हो गया। जमानत पर बाहर आने के बाद, अरविंद और नंदिनी संपर्क में थे। इस दौरान यह बात सामने आई है कि नंदिनी पर अरविंद की संपत्ति हड़पने और अपनी पहली पत्नी को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बनाने का आरोप है।


