नई दिल्ली (नेहा): भारतीय शिल्प और बुनाई परंपरा को बढ़ावा देने के लिए वस्त्र मंत्रालय की ओर से दिल्ली हाट आईएनए में शरद शिल्पोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन 30 सितंबर तक चलेगा। इसमें देशभर से 80 हस्तशिल्प कारीगर और 36 हथकरघा बुनकर शामिल होंगे। यह प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक लगेगी, जिसमें कारीगर अपने उत्पाद पेश करेंगे।
इस प्रदर्शनी में पारंपरिक कलाओं और आधुनिक डिजाइन देखने को मिलेंगे। इसके लिए दिल्ली हाट को अच्छे तरीके से सजा दिया गया है, जिससे की उत्सव का माहौल जीवंत हो उठा है। उत्सव में आगंतुक न केवल हाथ से बनाए गए उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं, बल्कि कारीगरों से सीधे बातचीत करके उनके हुनर को भी करीब से जान सकते हैं। यह आयोजन कारीगरों को सीधा बाजार उपलब्ध कराने का एक प्रयास है।


