शिमला (नेहा): करीब एक सप्ताह पहले शिमला प्रवास पर आईं कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को अचानक इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। डॉक्टरों ने उनका रूटीन चेकअप किया। एहतियातन उनके कुछ टेस्ट करवाए गए, जो सही पाए गए हैं। करीब एक घंटे बाद सोनिया वापस छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी के घर आ गईं। दो जून से सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका के घर में रह रही हैं।
सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने पर सुबह डॉक्टरों की एक टीम छराबड़ा गई। इसके बाद सोनिया खुद शाम 6:25 बजे आईजीएमसी में चेकअप के लिए पहुंचीं। यहां वह डी ब्लॉक के बाहर गाड़ी से उतरकर पैदल लिफ्ट से होते हुए रेडियोलॉजी विभाग पहुंचीं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि सोनिया गांधी नियमित जांच के लिए अस्पताल आईं और जांच के बाद लौट गई हैं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना समेत अन्य कई अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। सोनिया के आने से अस्पताल परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। वह महज रुटीन जांच के लिए अस्पताल आईं थीं।