नई दिल्ली (नेहा): श्रीनगर हवाई अड्डे पर कुछ दिनों पहले एक आर्मी अफसर ने स्पाइस जेट के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। जब यात्री से अतिरिक्त सामान के लिए भुगतान करने को कहा गया तो उसने कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एयरलाइन ने आरोपी को नौ फ्लाई लिस्ट में पांच साल के लिए डाल दिया है।
अधिकारी ने जानकारी दी है कि वो अगले पांच साल तक स्पाइसजेट के किसी भी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट से उड़ान नहीं भर सकते। अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय नागरिक उड्डयन आवश्यकताओं (सीएआर) के अनुसार गठित एक समिति द्वारा लिया गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा संसद में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत ने पिछले पांच वर्षों में 379 यात्रियों को नो-फ्लाई सूची में रखा है। 2020 में जहां केवल 10 लोगों को इस सूची में रखा गया था, वहीं यह संख्या लगातार बढ़ती गई; और इस वर्ष 30 जुलाई तक, 48 यात्रियों को पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका था।