नई दिल्ली (नेहा): घरेलू शेयर बाजार की शुक्रवार को सपाट शुरुआत हुई। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 81,354.85 अंक पर खुला। गिरावट के दौरान सेंसेक्स 81,323.20 अंकों तक पहुंचा था। बीते दिन यह 81,361.87 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार की शुरुआत के साथ ही सेंसेक्स ने वापसी की और एक वक्त 250 से ज्यादा अंकों की छलांग लगाकर 81,651.30 अंकों पर पहुंच गया। ऐसे ही निफ्टी भी गिरावट के साथ 24,787.65 अंक पर खुला। गिरावट के दौरान यह 24,783.65 अंकों तक पहुंच गया था। बीते दिन निफ्टी 24,824.75 अंकों पर बंद हुआ था। हालांकि, आज गिरावट के बाद निफ्टी ने वापसी की और 24,881.50 अंकों तक पहुंचा। इस बीच शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे बढ़कर 86.58 पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी फंड प्रवाह के चलते तीन दिन की गिरावट के बाद शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी आई। सपाट शुरुआत के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स बाद में शुरुआती कारोबार में 289.43 अंक चढ़कर 81,651.30 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 88.25 अंक चढ़कर 24,881.50 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और मारुति सबसे ज्यादा फायदे में रहीं। इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक पिछड़ते नजर आए। एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 934.62 करोड़ रुपये के इक्विटी खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 605.97 करोड़ रुपये के इक्विटी खरीदे।