पेशावर (नेहा): पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्वात नदी में अचानक बाढ़ आ गई। नदी में आई अचानक बाढ़ से एक ही परिवार के 18 सदस्य डूब गए। रेस्क्यू फोर्स के अधिकारियों ने 4 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 5 अलग-अलग स्थानों पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम के 80 कर्मचारी तलाशी अभियान का हिस्सा हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार इस क्षेत्र में घूमने आया था।
बताया गया कि पर्यटकों का एक समूह इस इलाके में घूमने के लिए पहुंचा था। डूबने वाले लोग इसी समूह का हिस्सा थे। भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था और लोग इसमें फंस गए थे। स्वात नदी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी इलाके में बहती है। ये बारहमासी नदी है। अधिकारियों ने बताया कि शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।