नई दिल्ली (नेहा): अभिनेता सुधीर दलवी, जो फिल्म शिरडी साईं बाबा में साईं बाबा का किरदार निभाकर घर-घर में फेमस हुए, गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी को उनके इलाज के लिए 11 लाख रुपये देने की इजाजत दी है।
सुधीर दलवी पिछले समय से गंभीर बीमारी के साथ आर्थिक तंगी का सामना भी कर रहे थे। उनके परिवार ने इंडस्ट्री से मदद की गुहार लगाई थी। इस दौरान अभिनेता रणबीर कपूर की बहन, रिद्धिमा कपूर, भी आगे आईं। अब साईं बाबा ट्रस्ट ने आर्थिक मदद के लिए अदालत से अनुमति मांगी और कोर्ट ने यह मंजूरी दे दी।
सुधीर दलवी 8 अक्टूबर से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें गंभीर इंफेक्शन और सेप्सिस है, जिसके कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस कठिन समय में उनकी मदद के लिए ट्रस्ट ने आर्थिक सहायता देने की पेशकश की, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी।


