मुंबई (नेहा): साउथ सुपरस्टार मोहनलाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आज 30 दिसंबर को मोहनलाल की मां का निधन हो गया है। सुपरस्टार की मां के निधन से इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ कर रहा है और मोहनलाल और उनके परिवार को सांत्वना दे रहा है। मोहनलाल की मां की बात करें तो उनकी उम्र 90 साल की थी। कोच्चि के एलामाक्कारा स्थित अभिनेता के घर पर उन्होंने आखिरी सांस ली है। कुछ समय से मोहनलाल की मां न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर से जूझ रही थीं। अधिकारियों की मानें तो अमृता अस्पताल, जहां उनका इलाज चल रहा था, डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि मोहनलाल अपनी मां के बेहद करीब थे। मां के निधन से ना सिर्फ उनके सिर से मां का साया उठ गया है बल्कि वो टूट से गए हैं। मोहनलाल ने हमेशा अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को दिया। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने हर जगह अपनी मां के बारे में बात भी की और बताया कि वो उनसे बेहद प्यार करते हैं। मोहनलाल की मां के निधन से फैंस भी मायूस हो गए हैं और अभिनेता के परिवार में भी मातम पसर गया है। इसके अलावा इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है और उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ कर रहा है। बता दें कि मोहनलाल को इसी साल यानी 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड 2025 में उन्हें, उनके सिनेमाई योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जो भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान है।


