नई दिल्ली (नेहा): दुनिया भर में हजारों-लाखों होटल हैं। इनमें अलग-अलग कैटेगरी के होटलों का किराया सुविधाओं के हिसाब से कम-ज्यादा होता है। जैसे कि भारत में ही ताज-ओबेरॉय महंगे होटल हैं। इनके मुकाबले सामान्य होटल में आपको काफी कम पैसों में रूम मिल जाएगा। होटल रूम का किराया स्टार रेटिंग और लग्जरी से भी तय होता है।मगर क्या आपने कभी दुनिया के सबसे महंगे होटल रूम के बारे में सुना है? उस रूम का किराया सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। आइए आपको बताते हैं।
दुबई में Kerzner International के लग्जरी होटल Atlantis The Royal में है दुनिया का सबसे महंगा होटल रूम। एटलांटिस द रॉयल में एक सुइट है Royal Mansion, जिसका किराया होटल रूम कैटेगरी दुनिया में सबसे ज्यादा है। Royal Mansion का एक रात का किराया 1 लाख डॉलर है, जो भारतीय करेंसी में 8.65 करोड़ रु बनते हैं। इतने पैसों में आप आराम से दिल्ली-एनसीआर में एक शानदार बंगला और कार खरीद लेंगे।
Royal Mansion का एक रात का इतना ज्यादा किराया लग्जरी के कारण है। दरअसल यह आलीशान सुइट दो मंज़िल पर फैला है, जिसमें चार बेडरूम, एक विशाल लिविंग एरिया, डाइनिंग रूम, किचन, बार, गेम एरिया और एक ऑफिस है। इसकी खासियत 5,124 वर्ग फुट का टैरेस है जिसमें अरब सागर और पाम आइलैंड के नजारे वाला एक इन्फिनिटी पूल है।