नई दिल्ली (नेहा): फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित दुनिया के सबसे प्रसिद्ध संग्रहालयों में से एक लूव्र म्यूजियम से चोली की खबर सामने आ रही है। जहां रविवार सुबह कुछ चोर म्यूजियम में घुस आए और कीमती गहने लेकर चले गए। चोरी की घटना के बाद म्यूजियम को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया।
फ्रांस की संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने सबसे पहले चोरी की घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा कि आज सुबह लूवर म्यूजियम में खुलने के समय डकैती हुई। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मैं संग्रहालय के कर्मचारियों और पुलिस के साथ घटनास्थल पर हूं। उन्होंने बताया कि चोरी उस वक्त हुई, जब म्यूजियम को खोला जा रहा था। इसकी वजह से म्यूजियम को एक दिन के लिए बंद करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, डिस्क कटर से लैस कुछ लोग स्कूटर पर सवार होकर पेरिस के कड़ी सुरक्षा वाले लूव्र संग्रहालय में पहुंचे। वो मात्र सात मिनट में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए और लूव्र म्यूजियम के नेपोलियन कलेक्शन से कीमती गहने लेकर फरार हो गए।
यह डकैती सुबह 9.30 से 9.40 के बीच की गई, जबकि फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इससे भी कम समय बताया, जो मात्र सात मिनट का था। फ्रांसीसी समाचार पत्र ले पेरिसियन ने मंत्री के हवाले से बाताय कि कुछ लोग चेरी पिकर (एक प्रकार की हाइड्रोलिक सीढ़ी) के साथ बाहर से घुसे और कीमती आभूषण चुरा लिए। चोरी की यह घटना सात मिनट तक चली।
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि तीन-चार लोगों ने इस चोरी को अंजाम दिया और उनका ध्यान गैलेरी डी’अपोलोन (अपोलो की गैलरी) में था। उन्होंने कहा कि स्पष्ट रूप से यह एक टीम थी, जिसने टोही का काम किया था। उन्होंने आगे बताया कि शीशों को “डिस्क कटर से” काटा गया था।