लुधियाना (नेहा): पंजाब में मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे पहले, बुधवार को राज्य के कई जिलों में तेज धूप रही। बठिंडा जिले में सबसे अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फरीदकोट में 40.5 डिग्री सेल्सियस और फिरोजपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
जालंधर में 38.1 डिग्री सेल्सियस, मोगा में 38 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 37.9 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य का औसत तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 18 और 19 अप्रैल को राज्य के मौसम में बदलाव होगा। इन दिनों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।