नई दिल्ली (नेहा): सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार 29 दिसंबर को सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं ने तेजी दिखाई, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर टिक नहीं पाई। कुछ ही समय में बाजार का रुख बदला और सोना-चांदी भरभराकर टूट गए।
चांदी में तो ऐसी भारी गिरावट आई कि यह अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 31,500 रुपए प्रति किलो तक फिसल गई। वहीं सोना भी दिन के उच्च स्तर से लगभग 6000 रुपए से ज्यादा सस्ता हो गया। बाजार में अचानक आई इस गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है। सवाल अब यही है कि क्या यह गिरावट यहीं थमेगी या आने वाले दिनों में सोना-चांदी के दाम और नीचे जा सकते हैं? चलिए समझते हैं सबकुछ।
सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स (MCX) पर 5 फरवरी 2026 एक्पायरी वाला 24 कैरेट गोल्ड1,34,887 रुपए प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ। इसमें पिछले कारोबारी सत्र यानी 26 दिसंबर के मुकाबले 3.56 फीसदी यानी 4986 रुपए की भारी गिरावट आई। दिलचस्प बात यह है कि ट्रेडिंग के दौरान गोल्ड ने 1,40,444 रुपए का ऑल टाइम हाई भी बनाया। लेकिन रात 8 बजे के बाद गोल्ड में अचानक गिरावट आई और बाजार बंद होते-होते यह हाई लेवल से 6144 रुपए टूट गया।


