नागपुर (नेहा): महाराष्ट्र के नागपुर में एक सरकारी गर्ल्स हॉस्टल में बड़ी घटना हुई। यह हॉस्टल हिंगना रोड पर IC चौक के पास है। आधी रात के बाद दो लड़के हॉस्टल में घुस गए। उन्होंने हॉस्टल में सो रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। फिर उसका मोबाइल फोन लेकर भाग गए। यह घटना बुधवार को सुबह 3 बजे हुई। इससे हॉस्टल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। यह हॉस्टल राज्य के समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाया जाता है। हॉस्टल में CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। रात में एक महिला वार्डन और एक महिला गार्ड ड्यूटी पर थीं। लेकिन उन्हें इस घुसपैठ की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित छात्रा इंजीनियरिंग की सेकंड ईयर की स्टूडेंट है। वह अपने कमरे में अकेली थी और लाइट बंद थी। जब लड़कों ने उसे गलत तरीके से छुआ तो वह डर गई। छात्रा ने बताया कि लड़के ने उसके ब्रेस्ट और प्राइवेट पार्ट को हाथ लगाया। उसने मदद के लिए चिल्लाया, जिससे हॉस्टल की दूसरी लड़कियां भी जाग गईं। लेकिन तब तक दोनों लड़के भाग चुके थे। दोनों लड़के हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर पीछे की सीढ़ी से घुसे थे। इस सीढ़ी का ताला टूटा हुआ था। उसे बस एक कुंडी से बंद किया गया था। जिस रात यह घटना हुई, उस रात लड़की की रूममेट हॉस्टल में नहीं थी। लड़की और दूसरी छात्राओं ने लड़कों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
शुरुआत में MIDC पुलिस ने इस मामले को मोबाइल फोन चोरी का मामला समझा। लेकिन जब लड़की ने पुलिस को पूरी बात बताई, तो पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज किया। अब इस मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी कर रही हैं। MIDC पुलिस के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर गोकुल महाजन ने कहा कि आसपास की इमारतों के CCTV फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। उन्होंने कहा, कि पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही है। और हॉस्टल की सुरक्षा में कमियों के बारे में संबंधित विभाग को बता दिया गया है। महाजन ने यह भी कहा कि पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए अपनी खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर रही है।
हॉस्टल प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के लिए सवालों के घेरे में है। हॉस्टल का पीछे का दरवाजा, जिससे आरोपी अंदर घुसे थे, हाल ही में सफाई अभियान के बाद से खुला छोड़ दिया गया था। संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने कहा कि क्राइम ब्रांच को भी इस मामले में मदद करने के लिए कहा गया है। पुलिस कमिश्नर रवींद्र सिंगल भी जांच पर नजर रख रहे हैं।