नई दिल्ली (नेहा): महाराष्ट्र में जनवरी 2026 में होने वाले 29 नगर निगम चुनावों के लिए उद्धव और राज ठाकरे एक साथ आ रहे हैं। दोनों भाई आज दोपहर 12 बजे गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। दोनों नेता 11 बजे शिवाजी पार्क स्थित बालासाहेब ठाकरे के स्मारक भी जाएंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोनों एक जॉइंट प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
उद्धव और राज के बीच पिछले काफी वक्त से नजदीकियां बढ़ गईं हैं। इसी साल जुलाई में मुंबई के वर्ली डोम में दोनों भाईयों ने एकसाथ रैली की थी। दोनों ने 20 साल बाद मंच शेयर किया था। इससे पहले 2006 में बाला साहेब ठाकरे की रैली में साथ दिखे थे। उद्धव को शिवसेना का मुखिया बनाने के बाद राज ने अलग पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) बना ली थी।
अब शिवसेना (यूबीटी) और मनसे फिर साथ में चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने राज्य भर की 29 नगर निगमों के लिए चुनाव की घोषणा की है। जिसमें बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), पुणे नगर निगम (PMC) और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) शामिल हैं। वोटिंग 15 जनवरी को होगी और रिजल्ट 16 जनवरी को आएगा।


