नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली में यमुना विकराल रूप अख्तियार करती नजर आ रही है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार रात को यमुना का जलस्तर 207.39 मीटर को पार कर गया। इससे पहले साल 2013 में राष्ट्रीय राजधानी में यमुना का जलस्तर 207.32 मीटर के आंकड़े पर पहुंचा था। दिल्ली सरकार की सभी टीमें हाई अलर्ट पर है। संवेदनशील इलाकों मे एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यमुना में बढ़े जलस्तर के कारण राष्ट्रीय राजधानी में कुल आठ हजार लोग प्रभावित हुए हैं। इन लोगों को अस्थायी रूप से बनाए गए कैंपों में ठहराया गया है। बुधवार शाम को छह बजे बढ़कर 207.33 मीटर तक पहुंच गया था। जैसे जैसे वक्त बीता रात को दिल्ली में पुराने लोहा पुल पर यमुना का जलस्तर 207.39 मीटर को पार कर गया। इससे पहले दोपहर तीन बजे यमुना का जलस्तर 207 को पार कर गया था।