नई दिल्ली (नेहा): सोशल मीडिया की दुनिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। इटली की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यूलिया बुर्तसेवा की रूस में कॉस्मेटिक सर्जरी के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना ने ब्यूटी ऑपरेशंस और शरीर के साथ किए जाने वाले जोखिम भरे प्रयोगों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 38 वर्षीय यूलिया इटली के नेपल्स की रहने वाली थीं और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 70,000 फॉलोअर्स थे। वह अक्सर अपनी छोटी बेटी और पति ज्यूसेपे के साथ लाइफस्टाइल, हेल्थ केयर और मजेदार व्लॉग्स साझा करती थीं। फैंस उन्हें एक खुशमिजाज मां और फिटनेस के प्रति जागरूक महिला के रूप में जानते थे।
यूलिया अपनी शारीरिक बनावट को और आकर्षक बनाने के लिए एक खास सर्जरी कराना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने रूस की राजधानी मास्को को चुना। 4 जनवरी को मास्को पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी शेयर किए थे जिनमें वे काफी उत्साहित नजर आ रही थीं। यूलिया ने अपने निचले शरीर को सुडौल बनाने के लिए सर्जरी करवाई थी। सर्जरी की प्रक्रिया के दौरान यूलिया की स्थिति अचानक बिगड़ने लगी। डॉक्टरों के अनुसार सर्जरी के दौरान उन्हें एनाफिलेक्टिक शॉक लगा। यह एक ऐसी गंभीर और जानलेवा एलर्जी प्रतिक्रिया है जो एनेस्थीसिया या दवाओं के कारण हो सकती है। इस स्थिति में मरीज का ब्लड प्रेशर तेजी से गिर जाता है, शरीर में सूजन आ जाती है और सांस लेने में दिक्कत होने लगती है। अस्पताल ले जाने के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।


