नई दिल्ली (नेहा): जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज 12-13 जनवरी को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर पहुंच रहे हैं। लेकिन, वह दिल्ली न आकर सीधे गुजरात की राजधानी गांधीनगर से सटे अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें रिसीव करेंगे। अहमदाबाद के बाद जर्मन नेता का बेंगलुरु जाने का कार्यक्रम है। इस यात्रा के साथ ही जर्मन चांसलर उन ग्लोबल लीडरों में शामिल हो जाएंगे, जो पीएम मोदी के कार्यकाल में अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। मर्ज से पहले ऐसा करने वाले वैश्विक नेताओं की संख्या पांच है।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज 12 जनवरी को सीधे अहमदाबाद पहुंचेंगे और पीएम मोदी उनकी आगवानी करने के लिए पहले से ही वहां मौजूद होंगे। इससे एक महत्वपूर्ण यूरोपीय देश के नेता की भारत यात्रा की अहमियत का अंदाजा लगाया जा सकता है। अहमदाबाद के बाद मर्ज के बेंगलुरु जाने का कार्यक्रम है। इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान उनके दिल्ली आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।


