नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। इस दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने हंगामा किया, जिसके बाद AAP के चार विधायकों को तीन दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया।
सस्पेंड किए गए विधायकों में संजय झा, सोमदत्त, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह शामिल हैं। AAP विधायक उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।
हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने AAP के कई विधायकों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर भिजवा दिया। बाद में जब सदन दोबारा बैठा तो PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने चार विधायकों को सत्र के बाकी तीन दिनों के लिए सस्पेंड करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी।
विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि आप विधायकों ने सदन और उपराज्यपाल का अपमान किया। वहीं AAP विधायक संजय झा ने इसे प्रदूषण का मुद्दा उठाने की सजा बताया। इसी बीच सदन में कार्यवाही का समय दोपहर 2 बजे से बदलकर सुबह 11 बजे करने का प्रस्ताव पास किया गया।

