इंदौर (नेहा): इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी की हत्या को लेकर आज उनके जन्मदिन पर सामाजिक संस्थाओं और परिजनों ने सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया। राजा की हत्या शिलांग में उनकी हनीमून के दौरान पत्नी सोनम द्वारा करवाई गई थी। इस दर्दनाक घटना ने न केवल इंदौर बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
राजा की अकाल मृत्यु के बाद कई सामाजिक संस्थाएं न्याय की मांग कर रही हैं। आज उनके जन्मदिन पर परिवारजन, दोस्त और समर्थक सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट साझा कर भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। शहर की प्रमुख सामाजिक संस्था ने विशेष तर्पण कार्यक्रम आयोजित कर राजा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि राजा की असमय मृत्यु ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह तर्पण कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज में उस दर्द और आक्रोश की भी अभिव्यक्ति है।