नई दिल्ली (नेहा): अगर आप सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आज की सुबह आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। आसमान छू रही कीमतों के बीच गुरुवार, 22 जनवरी को सोने-चांदी के भाव में अचानक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। महज कुछ ही घंटों के कारोबार में सोना 3,000 से ज्यादा टूट गया, वहीं चांदी में भी 7,000 से अधिक की जोरदार गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट ने न केवल निवेशकों को चौंका दिया है, बल्कि उन आम खरीदारों को भी राहत दी है जो बजट बिगड़ने के डर से खरीदारी टाल रहे थे।
आइए जानते हैं आखिर ऐसा क्या हुआ कि सोने-चांदी की चमक अचानक फीकी पड़ गई। यानी कीमतों में गिरावट की वजह क्या है। इसके साथ ही हम आपको बताएंगे कि आज देश के बड़े शहरों में क्या रेट चल रहा है और आपके शहर में ताजा भाव क्या है।
22 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजकर 36 मिनट पर MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। फरवरी एक्सपायरी वाला सोना करीब 3072 रुपये टूटकर 149790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। कारोबार की शुरुआत 151557 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास हुई थी, जबकि पिछला बंद भाव 152862 रुपये प्रति 10 ग्राम था। यानी एक ही दिन में सोने में करीब 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।
सोने के साथ साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब 7492 रुपये टूटकर 311000 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी। सुबह चांदी का ओपन करीब 319843 रुपये प्रति किलो था, जबकि पिछला बंद भाव 318492 रुपये प्रति किलो के आसपास था। यानी चांदी में करीब 2.35 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।


