नई दिल्ली (नेहा): भाजपा शासित मध्यप्रदेश के इंदौर में जहरीला पानी पीने से हुई कई लोगों की मौत और कइयों के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना ने दिल्ली समेत देश बड़े शहरों में रह रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता को इंदौर की घटना से सबक लेकर सचेत रहने की चेतावनी दी है।
‘आप’ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि इंदौर की घटना खतरे की बड़ी चेतावनी है। ऐसे में दिल्ली की जनता को भी पीने के पानी को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। मध्यप्रदेश समेत देश के लगभग सभी बड़े शहरों में भाजपा की सरकार है। पूरा देश इंदौर में भाजपा सरकार की लापरवाही को देख चुका है। इंदौर जैसी घटना दूसरे शहरों में भी संभव है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा का घमंड इस बात से साफ़ झलकता है कि वह उन्हें चुनने वाले लोगों के साथ कैसा व्यवहार करती है। जनता ने भाजपा को मध्य प्रदेश में चुना है। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सांसद-विधायक और पार्षद भाजपा के हैं, नगर निगम, कमिश्नर और प्रदेश में सरकार भी भाजपा की है। इतने इंजन होने के बाद भी भाजपा सरकार में गंदा पानी पीने की वजह से 14 लोगों की मौत हो गई, सैकड़ों लोग अभी भी बीमार हैं और बीमार लोगों की तादाद अभी और बढ़ सकती है।


