कठुआ (नेहा): डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर के बसंतगढ़ के बाद अब कठुआ के पहाड़ी क्षेत्र बिलावर से भी आतंकी चकमा देकर भाग निकले। बुशाम को उज्ज दरिया के कमांड क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई जो करीब चार घंटे तक चली। इसके बाद आतंकी अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल भाग गए।घने अंधेरे और खतरनाक भूभाग के बावजूद सुरक्षाबल जंगल में एहतियात बरतते हुए तलाशी अभियान जारी रखे हैं। ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। वहीं, सुरक्षाबलों ने गुरुवार को आतंकवादियों की तलाश के लिए फिर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी मामूली रूप से घायल हो गया।
आतंकियों की संख्या तीन है, ये वही जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी हो सकते हैं, जो हीरानगर से घुसपैठ करने के लिए कई दिनों से लगातार सीमा पार देखे जा रहे थे। यह 2026 का पहला बड़ा आतंकरोधी ऑपरेशन है। पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने इंटरनेट मीडिया पर इस मुठभेड़ की पुष्टि की है। इस अभियान की निगरानी एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा खुद कर रही हैं।


