नई दिल्ली (नेहा): पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले सप्ताह दो बार बेहोश होने के बाद उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है, जहां उनका एमआरआई सहित आवश्यक परीक्षण किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी को जब वह वॉशरूम गए थे, तब उन्हें दो बार बेहोशी के दौरे पड़े थे।। सोमवार को वह नियमित जांच के लिए एम्स पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब धनखड़ को इस तरह की समस्या हुई हो। इससे पहले भी उपराष्ट्रपति रहते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान वह कच्छ, उत्तराखंड, केरल और राष्ट्रीय राजधानी में कई बार अचानक बेहोश हो चुके हैं।
बता दें कि पिछले साल 21 जुलाई को उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद फिर से उपराष्ट्रपति के चुनाव हुए थे। जिसमें सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुना गया।


