नई दिल्ली (नेहा): सेमीकंडक्टर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा अपडेट दिया है। इस साल के अंत तक भारत में पहला मेड इन इंडिया चिप मार्केट में आ जाएगा। साथ ही पीएम मोदी ने बताया कि भारत छोटे-मोटे बदलावों के बजाय “क्वांटम जंप” के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में देश की तेजी से प्रगति का उल्लेख किया।
नई दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था को आकार देने में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सालों में भारत का योगदान 20 प्रतिशत तक हो सकता है। उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिरता को विकास की नींव बताया। पिछले दस सालों में देश ने आर्थिक रूप से मजबूती दिखाई है।
पीएम ने टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर पर बात करते हुए कहा, कि सेमीकंडक्टर से जुड़ी फैक्ट्रियां भारत में आनी शुरू हो गई हैं। इस साल के अंत तक, पहला मेड इन इंडिया चिप बाजार में आ जाएगा। हम मेड इन इंडिया 6G पर तेजी से काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बावजूद, भारत ने अपनी आर्थिक बुनियाद को मजबूत रखा है। उन्होंने बताया कि राजकोषीय घाटा 4.4 प्रतिशत तक नीचे आने का अनुमान है। अर्थव्यवस्था ने शानदार वापसी की है।