नई दिल्ली (नेहा): निवेशकों की चौतरफा बिकवाली के दबाव में गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई. हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स करीब 780 अंक लुढ़ककर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 26,000 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया।
बाजार में गिरावट की अगुवाई आईटी और टेक्नोलॉजी शेयरों ने की. वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों, डॉलर की मजबूती और अमेरिका से जुड़े आर्थिक आंकड़ों को लेकर बढ़ी अनिश्चितता के चलते टेक शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। इसके अलावा, हालिया तेजी के बाद निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली ने भी बाजार के सेंटिमेंट को कमजोर किया।
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो आईटी, रियल्टी और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव दिखा, जबकि बैंकिंग और एफएमसीजी शेयर भी गिरावट से अछूते नहीं रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी दर्ज की गई, जिससे बाजार की चौड़ाई नकारात्मक रही।


