नई दिल्ली (नेहा): बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक पत्र में बताया गया है, “बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।” पत्र के अनुसार नितिन नबीन की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नितिन नबीन बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री और बीजेपी के छत्तीसगढ़ प्रभारी हैं। वो बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा, “यह पार्टी के कार्यकर्ताओं का परिश्रम है। मैं तो मानता हूं कि कार्यकर्ता के रूप में काम करने से पार्टी के वरिष्ठ नेता हमेशा आप पर ध्यान देते हैं। मुझे जो आशीर्वाद मिला है… हम मिलकर काम करेंगे।” पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर नितिन को बधाई दी और लिखा कि एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।


