नई दिल्ली (नेहा): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासियों के नेता शिबू सोरेन का आज दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के बाद झारखंड समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। उनके बेटे हेमंत सोरेन ने निधन की सूचना देते हुए कहा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं…। शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य नेताओं ने भी शोक जताया है। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी 5 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि शिबू सोरेन एक ज़मीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्रीहेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।